सड़क हादसे में पुलिसकर्मी के 22 वर्षीय बेटे की मौत, हल्द्वानी से देर रात बाइक से जसपुर लौट रहा था अभय, ट्राला की चपेट में आने से गई जान

काशीपुर। हल्द्वानी से बाइक पर जसपुर लौट रहे 22 वर्षीय युवक की मंगलवार देर रात दड़ियाल रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त मामूली रूप से चोटिल हुआ। युवक जसपुर कोतवाली में तैनात हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया का बेटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

जसपुर कोतवाली परिसर स्थित कर्मचारी आवास में परिवार के साथ रहने वाले हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया का बेटा अभय लोहिया मंगलवार को किसी काम से हल्द्वानी गया था। देर शाम वह अपने दोस्त के साथ बाइक से जसपुर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे दड़ियाल रोड पर सामने से आ रहे ट्राला ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अभय की मौत हो गई।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रकाश राम लोहिया करीब दो साल से जसपुर कोतवाली में तैनात हैं। मूल रूप से वह मोटा हल्द्वा अर्जुनपुर, हल्द्वानी के रहने वाले हैं।

 

परिजनों के मुताबिक अभय काशीपुर राजकीय पॉलीटेक्निक में पढ़ाई कर रहा था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। अभय की मौत से मां सुशीला देवी, पिता प्रकाश राम लोहिया और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

ट्राला और चालक की तलाश में जुटी पुलिस

 

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल ट्राला और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।