वॉशरूम जाते समय हुआ हादसा, रेस्क्यू कर गंभीर हालत में निकाला गया था जवान; एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हरिद्वार/धनौरी। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कॉलेज परिसर में बनी बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इस दौरान कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए कॉलेज में ठहरी पीएसी प्लाटून का एक जवान मलबे में दब गया। पुलिस और आपदा राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद जवान को गंभीर घायल अवस्था में बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, पौड़ी जिले का रहने वाला पीएसी जवान आदिल कॉलेज परिसर में ठहरा हुआ था। सोमवार को प्लाटून के अन्य जवान अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे और आदिल कॉलेज में अकेला था। बताया गया कि आदिल वॉशरूम जाने के लिए निकला था। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग का एक हिस्सा भरभराकर उसके ऊपर गिर गया और वह मलबे में दब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया। इसके साथ ही आपदा राहत टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे आदिल को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पीएसी जवान आदिल कॉलेज में अकेला था और अन्य जवान ड्यूटी पर गए थे। वॉशरूम जाते समय अचानक बिल्डिंग का हिस्सा गिरने से वह मलबे में दब गया था। रेस्क्यू कर उसे बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी जान नहीं बच सकी।
