बहेड़ी से निकलती थी स्मैक, पहाड़ में बंटती थी खेप, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और पिथौरागढ़ तक फैले नेटवर्क में छह गिरफ्तार, मोबाइल चैट और कॉल डिटेल से खुली कड़ी

रुद्रपुर। बहेड़ी से सस्ते दाम पर खरीदी जाने वाली स्मैक और नशीले इंजेक्शन पहाड़ के शहरों तक पहुंचाए जा रहे थे। पुलभट्टा पुलिस की कार्रवाई में इस नेटवर्क की कई कड़ियां सामने आई हैं। पुलिस ने अल्मोड़ा, हल्द्वानी और पिथौरागढ़ में कार्रवाई कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के तार बहेड़ी निवासी सद्दाम हुसैन से जुड़े मिले हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी बहेड़ी से नशे की खेप लाकर अलग-अलग इलाकों में छोटी मात्रा में बेचते थे।

 

150 नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़ा गया था सद्दाम

 

30 सितंबर को पुलभट्टा पुलिस ने बहेड़ी और ऊधम सिंह नगर की सीमा पर संदिग्ध हालत में एक कार को रोका था। तलाशी में बहेड़ी निवासी सद्दाम हुसैन के पास से छह डिब्बों में रखे 150 प्रतिबंधित बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3500 रुपये बरामद हुए थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

जांच के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल खंगाली। पुलिस के मुताबिक इन्हीं संपर्कों से अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में नशे का कारोबार करने वालों तक पहुंच बनी।

 

तीन जिलों में छह लोगों तक पहुंची कार्रवाई

 

पुलिस के अनुसार इसके बाद टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर अल्मोड़ा निवासी अक्षय, पीयूष और यशोदा टम्टा, हल्द्वानी निवासी सौरभ, पिथौरागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता और झूलाघाट निवासी रवि थापा को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत कार्रवाई की गई है।

 

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बहेड़ी से स्मैक खरीदकर बसों और अन्य साधनों से पहाड़ी क्षेत्रों में ले जाते थे। कुछ आरोपी खुद भी नशे के आदी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार नशे की लत का खर्च निकालने के लिए उन्होंने स्मैक की बिक्री शुरू कर दी थी। इसके बाद धीरे-धीरे उनका संपर्क सप्लायरों से बढ़ता गया।

 

किसी ने मेडिकल स्टोर तो किसी ने दुकान की आड़ ली

 

जांच में नशे के कारोबार के अलग-अलग तरीके भी सामने आए। पुलिस के अनुसार हल्द्वानी का सौरभ मेडिकल स्टोर चलाता था और वहीं से स्मैक बेचने का आरोप है। वहीं यशोदा टम्टा ने पूछताछ में अपने बेटों के नशे की लत और उनके मामलों में होने वाले खर्च के चलते बहेड़ी से स्मैक व नशीले इंजेक्शन लाकर बेचने की बात कही है। पिथौरागढ़ और झूलाघाट तक भी स्मैक पहुंचने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

 

पहले से दर्ज हैं नशे के मुकदमे

 

पुलिस के मुताबिक सद्दाम हुसैन बहेड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बहेड़ी और पुलभट्टा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कई मामले दर्ज हैं। अक्षय पर भी धारा 8/21, सौरभ पर धारा 8/21 और पीयूष पर धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार रवि थापा भी पहले स्मैक बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है।

 

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और बहेड़ी से पहाड़ तक नशे की खेप पहुंचाने वाले स्रोतों की जानकारी जुटा रही है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ नेटवर्क में शामिल अन्य चेहरों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।