पीएसी परिसर में मेले के दौरान जुआ खेलते पकड़े गए युवक, पुलिस ने बंद कराया काउंटर, मुरादाबाद से आए युवक पर लगा आरोप, मेले में झूला लगाने के लिए आया था युवक

रुद्रपुर। 31वीं वाहिनी पीएसी परिसर में स्थापना दिवस के दौरान लगाए गए मेले में जुआ खिलाने का मामला सामने आया है। मेले में लगाए गए एक काउंटर पर रुपये लगाकर खेल कराए जाने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद पीएसी और पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काउंटर बंद कराया और संबंधित लोगों से पूछताछ की।

 

बताया जा रहा है कि मुरादाबाद से आया युवक स्थापना दिवस मेले में झूला लगाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान उस पर मेले में जुआ खिलाने का आरोप लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई।

 

घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक काउंटर पर कुछ लोग रुपये लगाकर खेलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कैमरा पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग काउंटर से हटते नजर आ रहे हैं। पूछताछ में युवक ने मुरादाबाद से आने और मेले में काम करने की बात कही।

 

मामले की जानकारी मिलने पर पीएसी सेनानायक आईपीएस देवेंद्र पिंचा ने संज्ञान लिया। इसके बाद पीएसी और पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर गतिविधि बंद कराई। संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

 

अब जांच की जा रही है कि पीएसी परिसर में लगाए गए मेले में इस तरह का काउंटर किसकी अनुमति से लगाया गया था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मेले में काम करने के लिए आए लोगों को किस स्तर से अनुमति दी गई थी। अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।