धर्मकांटे पर फायरिंग के पीछे कौन-कौन, दो आरोपी गिरफ्तार; जुगराज का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो सामने आए 12 मुकदमे, अब पुलिस के निशाने पर बाकी आरोपी

गदरपुर। मसीत स्थित धर्मकांटे पर मारपीट और फायरिंग के मामले में गदरपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

25 सितंबर को मसीत स्थित धर्मकांटे पर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में जुम्मा पुत्र मियांजान की तहरीर पर थाना गदरपुर में एफआईआर संख्या 284/2026 दर्ज की गई थी। इसमें जस रंधावा समेत अन्य को नामजद किया गया था। घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर थाना गदरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

 

पुलिस के मुताबिक लगातार सुरागरसी-पतारसी, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जुगराज सिंह उर्फ जग्गा (30) निवासी मोहनपुर नंबर-1, दिनेशपुर और आदेश ठाकुर (25) निवासी वार्ड नंबर सात, गदरपुर शामिल हैं। आदेश का स्थायी पता ग्राम गड़िया रंगीन, थाना दातागंज, बदायूं बताया गया है।

 

पुलिस के अनुसार जुगराज सिंह उर्फ जग्गा के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 109(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।