देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग लड़की को भी रेस्क्यू कराया गया। पुलिस के मुताबिक, लड़की को मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से देहरादून लाया गया था। यहां उसे कमरे में बंधक बनाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में देह व्यापार की सूचना मिली थी। इसके बाद पटेलनगर पुलिस ने बताए गए मकान पर छापा मारा। मौके से तीन महिलाएं, एक नाबालिग लड़की और तीन पुरुष मिले। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री और देह व्यापार से प्राप्त 18 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराता था। ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। पसंद के आधार पर महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का साथी अभिषेक नाबालिग को मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से देहरादून लाया था। कमरे में उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे बंधक बनाकर रखा गया। मामले में बीएनएस की धारा 96/99/127(2)/3(5), पॉक्सो एक्ट की धारा 14(5) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
