रुद्रपुर हथियारों की दहशत, कार निकालने पहुंचे युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के शिव एन्क्लेव में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदू निवासी बिलासपुर, रामपुर, सोहेल निवासी सिरौलीकलां और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली निवासी भदईपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में एक युवती से मिलने गया था। लोगों के घेरने पर वह भाग निकला, जबकि उसकी कार वहीं छूट गई। कार निकालने के लिए आरोपी पहुंचे और भीड़ देखकर हवाई फायरिंग कर दी। कार के टायरों के नट खुले मिलने पर गुस्से में दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तीनों को किच्छा रोड स्थित एफसीआई गोदाम के सामने से गिरफ्तार किया।