पीछे से आई मौत की रफ्तार ने छीन ली लियाकत की जिंदगी, ई-रिक्शा चकनाचूर, हादसे के बाद भागी कार गदरपुर में पलटी, चालक फरार

चालक वाहन छोड़कर फरार

रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर शनिवार तड़के तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक पहाड़गंज निवासी लियाकत (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। बाद में गदरपुर कोतवाली क्षेत्र में भाग रही कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

लियाकत ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात वह रोज की तरह ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे। शनिवार तड़के वह काशीपुर रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई कार ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और लियाकत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद कार चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से तेजी से फरार हो गया। सड़क पर घायल पड़े लियाकत को देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

लियाकत की मौत की खबर घर पहुंचते ही स्वजन में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, गदरपुर में पलटी कार
हादसे के बाद तेजी से भाग रही कार गदरपुर कोतवाली क्षेत्र में पहुंचकर अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सड़क पर पलट गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस कार के नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। हादसे की जांच की जा रही है।