अमन की मौत में चालक पर मुकदमा, नशे में कार चलाने का आरोप, स्कूटी को 20-30 मीटर तक घसीटने के बाद दूसरी कार से टकराई थी कार, चालक फरार

रुद्रपुर। किच्छा रोड पर कार की टक्कर से संजयनगर निवासी अमन गायन (38) की मौत के मामले में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक के पिता श्याम गायन ने ट्रांजिट कैंप थाने में दी तहरीर में चालक पर लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस अब चालक की तलाश के साथ हादसे से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

 

17 सितंबर की देर रात हुए हादसे में तेज रफ्तार कार ने अमन की स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद स्कूटी और अमन कार में फंस गए और चालक उन्हें करीब 20 से 30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद कार दूसरी कार से टकराकर रुक गई। गंभीर रूप से घायल अमन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

 

मृतक के पिता ने तहरीर में हादसे में शामिल कार का नंबर यूके06 बीएफ 8003 बताया है। उन्होंने चालक की मेडिकल जांच कराने और नशे की स्थिति की पुष्टि करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की मांग की है।

 

जांच के दौरान कार पर ‘पुलिस’ लिखा स्टिकर लगा होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि चालक के परिवार का कोई सदस्य पुलिस विभाग में कार्यरत है। पुलिस अब स्टिकर लगाए जाने के आधार की भी जांच कर रही है।

 

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।