एक करोड़ की रंगदारी का आरोप, पूर्व प्रेमी को फंसाने की साजिश का खुलासा, जहर खाने का दावा कर अस्पताल पहुंची थी महिला, शिकायत के बाद पुलिस के सामने आया दूसरा पक्ष

दंपती ने ऑडियो-वीडियो और बैंक लेनदेन समेत कई साक्ष्य पुलिस को सौंपे, मुकदमा दर्ज

 

रुद्रपुर। पूर्व प्रेमी को ब्लैकमेल कर एक करोड़ रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कुछ दिन पहले जहर खाने का दावा कर जिला अस्पताल में भर्ती हुई महिला ने युवक पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। बाद में मामले में दूसरा पक्ष सामने आने पर पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

 

सीर गोटिया निवासी शाहिदा और उसके पति सुलेमान ने कोतवाली पहुंचकर इरम परवीन के खिलाफ तहरीर दी। दंपती का आरोप है कि इरम के सुलेमान के साथ पहले संबंध थे। दोनों का रिश्ता खत्म होने के बाद महिला की ओर से लगातार रुपये मांगने का दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि मांग बढ़ते-बढ़ते एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई। रकम देने से इनकार करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

 

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बातचीत के ऑडियो-वीडियो, बैंक लेनदेन और इकरारनामा समेत अन्य दस्तावेज सौंपे हैं। पुलिस इन साक्ष्यों की जांच कर रही है।

 

लिव-इन में रहने के दौरान खरीदा प्लॉट

 

पुलिस के अनुसार, युवक और महिला पहले पड़ोसी थे। परिचय बढ़ने के बाद दोनों के बीच संबंध बने और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। आरोप है कि युवक ने महिला के रहने के लिए सामिया लेक सिटी में प्लॉट भी खरीदकर दिया था। दंपती का दावा है कि युवक की ओर से करीब 15 लाख रुपये दिए जा चुके थे। इसके बावजूद रुपये की मांग जारी रही और बाद में रकम एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

 

कोट

शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

– अजय गणपति, एसएसपी