हल्द्वानी। कॉलेज से स्कूटी पर घर लौट रही बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा कंचन पांडे (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। 14 सितंबर की रात कमलुवागांजा मार्ग पर अचानक स्कूटी के सामने निराश्रित कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ब्रेक लगाने पर स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में कंचन के सिर में गंभीर चोट आई थी। दो दिन तक निजी अस्पताल में इलाज चलने के बाद 16 सितंबर की देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
लामाचौड़ निवासी कंचन निजी कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। उनकी ड्यूटी महिला अस्पताल में भी लगी थी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल कंचन को मुखानी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद सिर में आई गहरी चोट के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
कंचन के पिता भगवती प्रसाद शिक्षा विभाग में क्लर्क हैं। वह माता भावना पांडे और पिता के साथ रहती थीं। उनके बड़े भाई गौरव पांडे क्रूज पर कार्यरत हैं और अक्सर बाहर रहते हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार ने दुख की घड़ी में उसका नेत्रदान करने का फैसला लिया। एसटीएच के आई बैंक में उनकी आंखें दान की गईं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद छात्रा का इलाज चल रहा था, लेकिन सिर में गहरी चोट होने के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नेत्रदान का फैसला लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।- मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी
