‘दलाल’ कहने पर भड़के प्रधान, चौकी में धरना, आरोपी सिपाही से माफी की मांग पर अड़े रहे जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारियों के समझाने पर भी नहीं माने प्रधान

प्रधान से अभद्रता पर भड़के प्रधान, चौकी में दिया धरना

जसपुर। ग्राम पंचायत पतरामपुर के प्रधान हरिओम सिंह के साथ चौकी में कथित अभद्रता किए जाने के आरोप को लेकर रविवार को प्रधानों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रधान संघ के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने पतरामपुर चौकी परिसर में धरना शुरू कर दिया। उन्होंने चौकी में तैनात सिपाही राजेंद्र सिंह पर प्रधान को ‘दलाल’ कहने का आरोप लगाते हुए माफी की मांग की।

प्रधान हरिओम सिंह के अनुसार, वह शनिवार देर रात चौकी क्षेत्र में सामने आए एक मामले की जानकारी लेने के लिए चौकी गए थे। आरोप है कि इसी दौरान सिपाही राजेंद्र सिंह ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें ‘दलाल’ कह दिया। प्रधान ने घटना की जानकारी अन्य प्रधानों को दी।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रधान संघ अध्यक्ष दिलशाद शाह के नेतृत्व में रविवार को बड़ी संख्या में प्रधान पतरामपुर चौकी पहुंच गए। उन्होंने चौकी परिसर में धरना शुरू कर आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। प्रधानों का कहना था कि जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

धरने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रधानों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन प्रधान आरोपी सिपाही से माफी की मांग पर अड़े रहे। इसके चलते चौकी परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। समाचार लिखे जाने तक प्रधानों का धरना जारी था।

Advertisement