काशीपुर में गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; एक लाख नकद और कार बरामद
रुद्रपुर। आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने और तमंचे के बल पर लाखों रुपये ऐंठने के कथित मामले का काशीपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और कार बरामद की है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कुंडेश्वरी निवासी सर्वेश कुमार ने 10 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे के बल पर रुपये वसूले। आरोप था कि साजिश के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित टीम ने सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को राजेंद्र कुमार को प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से दबोच लिया।
नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बनाया वीडियो
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर रुपये वसूलने की बात बताई है। हालांकि पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी बिजनौर के शक्तिनगर स्थित बैराज कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय राजेंद्र कुमार है। उसके खिलाफ काशीपुर और आईटीआई थाने में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में जुटी है।

