रुद्रपुर। जिले में लंबित मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से निस्तारण के लिए शनिवार, 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित होने वाली लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका निस्तारण पक्षकारों की आपसी सहमति और समझौते के आधार पर संभव है।
लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण होने से पक्षकारों को लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ ही समय और धन की बचत होती है। ऐसे मामलों में दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। इससे न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी मदद मिलती है।
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकृति के प्रकरणों के साथ ही समझौते योग्य मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पक्षकारों को भी अपने मामलों के शीघ्र समाधान के लिए लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत शुक्रवार को दोपहर दो बजे विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन, मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया और आम लोगों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान लोक अदालत से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं और तैयारियों को लेकर भी जानकारी साझा की गई।
