पति को घर से बाहर भेजा, बाथरूम में चली गई 27 वर्षीय महिला; पानी की टोंटी से फंदा लगाकर दी जान, लौटने पर पति ने देखा तो मचा हड़कंप

पंतनगर। अटरिया गली नंबर चार में किराये के मकान में रहने वाली 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार रात महिला बाथरूम में पानी की टोंटी से फंदा बनाकर लटकी मिली। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

रामपुर जिले के कचनाल बिलासपुर निवासी 27 वर्षीय ब्यूटी दास पत्नी इमरान पंतनगर के अटरिया गली नंबर चार में किराये के मकान में रहती थीं। उनके पति इमरान राजमिस्त्री का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार रात ब्यूटी ने इमरान से कुछ देर के लिए घर से बाहर जाने को कहा। इमरान के बाहर जाने के बाद वह बाथरूम में चली गईं।

 

काफी देर बाद इमरान घर लौटे तो ब्यूटी कमरे में नहीं मिलीं। तलाश करने पर वह बाथरूम में फंदे से लटकी मिलीं। यह देखकर इमरान के होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से महिला को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

सूचना पर पंतनगर थाने के एसआई पंकज मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई पंकज मेहर ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मृत्यु फंदे से लटकने से होना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।