किच्छा-सिरौलीकलां निकाय चुनाव का बिगुल, 10-11 सितंबर को नामांकन, 22 को मतदान और 24 सितंबर को मतगणना

रुद्रपुर। नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां में अध्यक्ष और सभासदों के निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही चुनावी हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निकाय) नितिन सिंह भदौरिया ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 और 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। प्रत्याशी 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।

 

दोनों निकायों के लिए मतदान 22 सितंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 24 सितंबर को सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। नामांकन, जांच, वापसी और प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया तहसील किच्छा में संबंधित निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में होगी। मतगणना नवीन फल मंडी समिति परिसर किच्छा में कराई जाएगी।

 

नामांकन पत्रों की बिक्री 8 सितंबर से निर्धारित स्थानों पर शुरू हो गई है। खास बात यह है कि चुनाव कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।

 

निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने से मतगणना समाप्ति तक दोनों निकायों और संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी।