भैंस चोरों का खुला खेल! छोटा हाथी में भैंस लादकर भाग रहे तीन दबोचे, बंद फैक्ट्री लूटने निकले चार भी पुलिस के हत्थे चढ़े

Share the news

बंद फैक्ट्री में चोरी की योजना बना रहे चार आरोपी भी पकड़े गए, चाकू, आलानकब, टॉर्च और चाबी का गुच्छा बरामद

सितारगंज। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार आरोपी बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी की योजना बनाते पकड़े गए, जबकि तीन आरोपी चोरी की भैंस को छोटा हाथी वाहन में लादकर ले जाते समय दबोचे गए। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर व सीओ सितारगंज के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केआरई इंजीनियरिंग कंपनी सिडकुल के पास खंडहर में बंद पड़ी फैक्ट्री में कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गोपाल विश्वास, टोनी मंडल उर्फ गौतम, मंतोष मंडल और निमई विश्वास को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में दो रामपुरी चाकू, दो आलानकब, टॉर्च, चाबी का गुच्छा, बीड़ी और माचिस बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

भैंस चोरी कर वाहन में लाद रहे थे

दूसरे मामले में 28 अगस्त को चौमेला निवासी जलीस अहमद ने भैंस चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। तलाश के दौरान नकुलिया-सितारगंज मार्ग पर शुक्ला फार्म के पास कुछ लोगों ने तीन युवकों को भैंस को छोटा हाथी वाहन संख्या यूके04सीबी-0504 में लादकर ले जाते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अयान अली, साजिम और अयान को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने भैंस चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चोरी की भैंस और वाहन बरामद कर लिया। पूछताछ में दानिश कुरैशी का नाम भी सामने आया है, जिस पर आरोपियों को भैंस चोरी के लिए लालच देने और मौके से फरार होने की बात कही गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *