रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। शहर में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में आए पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान एक युवक को अपने साथ ले जाने लगे। हरियाणा नंबर की गाड़ी से पहुंचे पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों ने पहचान नहीं पाया। युवक को जबरन ले जाते देख लोगों को अपहरण का शक हुआ और मौके पर भीड़ जुट गई।
मामला गाबा चौक फ्लाईओवर के नीचे काजल मार्बल के पास का है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को रुद्रपुर के शिमला पिस्तौर निवासी रजनीश की तलाश थी। टीम ने उसे भूरारानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे लेकर गाबा चौक पहुंची। सादे कपड़ों और बाहरी नंबर की गाड़ी के चलते स्थानीय लोगों ने टीम से पूछताछ शुरू कर दी। बाद में पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट होने पर लोगों का संदेह दूर हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टीम युवक को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस युवक को लेकर रुद्रपुर कोतवाली पहुंची।
