ड्यूटी के दौरान महिला कर्मचारी की मौत, कंपनी पर संवेदनहीनता का आरोप; परिजनों ने मांगा इंसाफ

Share the news

रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र स्थित बर्तन बनाने वाली कंपनी में काम करने वाली 56 वर्षीय महिला कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान अचानक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर घटना के बाद जिम्मेदारी से बचने और परिजनों की सुध नहीं लेने का आरोप लगाते हुए न्याय व उचित मुआवजे की मांग की है।

 

मृतका की पहचान रूपा देवी पत्नी काशीराम, निवासी नेदागया चांदपुर, आंवला, बरेली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रूपा देवी रोज की तरह ड्यूटी पर गई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। कंपनी के सुपरवाइजर राजेश ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद रूपा देवी की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस कार्रवाई के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद कंपनी का सुपरवाइजर राजेश मोबाइल बंद कर गायब हो गया। कंपनी की ओर से भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से संपर्क नहीं किया। इसको लेकर परिजनों में खासा आक्रोश है।

 

वार्ड नंबर 100 के पार्षद पवन राणा ने कहा कि कंपनी प्रबंधन को कम से कम इंसानियत के नाते अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देनी चाहिए थी। उन्होंने कंपनी से मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने और मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

 

परिवार के बुजुर्ग सदस्य ने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के हाथों से खून निकलता दिखाई दिया। उन्होंने कंपनी के HR, मैनेजर और सुपरवाइजर को तत्काल मौके पर बुलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो शव को चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

 

पुलिस अभिलेख के अनुसार पोस्टमार्टम संख्या 201/2026 के तहत 26 अगस्त को रूपा देवी के शव का पोस्टमार्टम डॉ. अमरजीत सिंह ने किया। मौत के कारणों को लेकर फिलहाल परिजनों ने सवाल उठाए हैं और पूरे मामले में जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *