बरसाती नहर में डूबा तीन साल का मासूम, परिजनों ने शव निकाला, बारिश के दौरान फिसला पैर, बच्चे के नहर में बहने से मचा हड़कंप; कुछ देर की तलाश के बाद मिला शव

Share the news

रुद्रपुर। बारिश के दौरान बुधवार शाम बिगवाड़ा भट्ठा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास बह रही बरसाती नहर की ओर गया तीन वर्षीय मासूम अचानक पैर फिसलने से नहर में जा गिरा। बच्चे के पानी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाते हुए तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ देर के प्रयास के बाद परिजनों ने बच्चे का शव बरामद कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार चरण (3) पुत्र हीरा निवासी बिगवाड़ा भट्ठा बुधवार शाम बारिश के दौरान घर के आसपास ही था। इसी दौरान वह बरसाती नहर की तरफ चला गया। बताया जा रहा है कि अचानक पैर फिसलने से वह नहर में जा गिरा। बच्चे को गिरते देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और बचाव के लिए दौड़ पड़े।

 

घटना की जानकारी फैलते ही किच्छा मार्ग पर हाईवे किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आसपास के लोग भी बच्चे की तलाश में जुट गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पानी में काफी देर तक तलाश की। कुछ देर बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।

 

मासूम का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बच्चे के शव को अपने घर ले गए। हादसे की सूचना से क्षेत्र में भी मातम छा गया। बाद में परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

 

बताया गया कि बारिश के दौरान बरसाती नहर में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बरसात के दौरान खुले नालों और बरसाती नहरों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की जरूरत भी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *