पुलिस पहरे में अभिषेक को अंतिम विदाई, मां-बहोनों की चीखों से गूंजा गांधी कॉलोनी

Share the news

भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

रुद्रपुर। सात अगस्त की सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हुए गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभिषेक वाल्मीकि की मौत के बाद शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। बरेली में पोस्टमार्टम के बाद शव रुद्रपुर पहुंचा तो घर पर परिजनों और समाज के लोगों की भीड़ जुट गई। शव देखते ही मां और बहनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

अभिषेक की अंतिम यात्रा गांधी कॉलोनी से श्मशान घाट के लिए रवाना हुई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गांधी कॉलोनी से लेकर कोतवाली और अंतिम संस्कार स्थल तक पुलिस फोर्स तैनात रही। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। पहले हुए प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं बरती।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग और स्थानीय लोग शामिल हुए। रास्ते में पुलिसकर्मी तैनात रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। गमगीन माहौल के बीच अभिषेक का अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के कई नेता व जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अभिषेक के निधन पर गहरा दुख जताया। नेताओं ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं।

अभिषेक की मौत के बाद से गांधी कॉलोनी समेत पूरे रुद्रपुर में शोक का माहौल है। पुलिस ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था जारी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *