एक नंबर, एक चेचिस और दो कारें! एआरटीओ कार्यालय में आमने-सामने पहुंचे वाहन, रिकॉर्ड देख अफसर भी रह गए हैरान

Share the news

एक नंबर की दो कारें! एआरटीओ में पहुंचीं तो मचा हड़कंप, चेचिस नंबर भी निकला हूबहू एक

रुद्रपुर। सड़क पर दौड़ रही दो कारें, नंबर प्लेट एक… और जांच हुई तो चेचिस नंबर भी हूबहू एक। एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो स्विफ्ट डिजायर कारें अलग-अलग लोगों के नाम सामने आने से संभागीय परिवहन कार्यालय में हड़कंप मच गया। मामला खुला तो विभागीय अधिकारी भी हैरान रह गए। आरआई की जांच में भी स्थिति साफ नहीं हो सकी। अब पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए स्थानीय मारुति एजेंसी की मदद ली जा रही है।

ज्वालापुर, हरिद्वार निवासी सहदेव कुमार पाल पुत्र गोपाल सिंह मंगलवार को अधिवक्ता हेमंत प्रकाश के साथ एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायत दी कि यूके 06 एएन 0807 नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार उनके नाम दर्ज है। बीमा नवीनीकरण कराने पहुंचे तो पता चला कि इसी नंबर की कार का बीमा किसी दूसरे व्यक्ति के नाम चल रहा है। इसके बाद एआरटीओ कार्यालय में रिकॉर्ड खंगाला गया तो यही वाहन नीरज कुमार पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम धमोला, कालाढूंगी, नैनीताल के नाम दर्ज मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने नीरज कुमार को भी कार समेत कार्यालय बुला लिया। दोनों कारें आमने-सामने आईं तो अधिकारियों के होश उड़ गए। तकनीकी जांच में दोनों वाहनों का रजिस्ट्रेशन नंबर ही नहीं, बल्कि चेचिस नंबर भी एक ही निकला।

इसके बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया। नीरज ने बताया कि उसने कार केलाखेड़ा के एक डीलर के माध्यम से खरीदी थी। डीलर ने वाहन जिस सहदेव कुमार पाल से खरीदने की बात बताई, उसका आधार कार्ड भी सामने आया। हैरत की बात यह रही कि आधार नंबर भी समान था, लेकिन फोटो और जन्मतिथि अलग-अलग थीं।

अब सवाल यह है कि एक ही नंबर और एक ही चेचिस वाली दो कारें आखिर सड़क पर कैसे पहुंचीं? असली वाहन की पहचान और दस्तावेजों की हकीकत जानने के लिए मारुति एजेंसी से तकनीकी जांच कराई जा रही है। एजेंसी की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *