जिला न्यायालय के बाहर दबंगई, युवक को पीटा; महिलाओं से अभद्रता, बच्ची को ले जाने के आरोप से मचा हड़कंप

Share the news

रुद्रपुर (संवाददाता)। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के बाहर शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के दौरान जमकर हंगामा हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर युवक के साथ मारपीट करने, महिलाओं से अभद्रता करने और बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार निशांत सिंह अपनी पत्नी, साली और अन्य परिजनों के साथ एक वैवाहिक विवाद से संबंधित मामले की पैरवी के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंचे थे। उनकी साली और उसके पति सुखदेव सिंह के बीच पारिवारिक विवाद न्यायालय में विचाराधीन है।

 

आरोप है कि न्यायालय परिसर के बाहर वाहन से उतरते ही पहले से मौजूद 10-12 लोगों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि सुखदेव सिंह, हरजिंदर सिंह, सुखवंत सिंह और जीत कौर समेत अन्य लोगों ने निशांत सिंह के साथ मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और नाक पर चोटें आईं। महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

 

पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी उनके तीन मासूम बच्चों को जबरन अपने साथ ले गए और सफेद रंग की अर्टिगा कार से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

 

घटनास्थल जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय और न्यायालय के गेट नंबर-4 के सामने होने के कारण पूरे घटनाक्रम के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की संभावना है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *