दिल्ली जिला न्यायालय के आदेश पर पहुंची टीम ने स्टिकर, पैकेजिंग सामग्री और दस्तावेज कब्जे में लेकर की वीडियोग्राफी।

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। कृषि यंत्र निर्माता कंपनी एग्रो टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के पंजीकृत ब्रांड ‘शक्तिमान’ की कथित नकल कर कृषि यंत्र बेचने के आरोप में गुरुवार को दिल्ली जिला न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर की एक फैक्टरी में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर ट्रेडमार्क से मिलते-जुलते स्टिकर, पैकिंग सामग्री, डिजाइन और अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर सील कर दिए गए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

कंपनी की ओर से दिल्ली जिला न्यायालय में दायर वाद में कहा गया था कि बाजार में ‘शक्ति युग’ समेत कई नामों से ऐसे कृषि यंत्र बेचे जा रहे हैं, जिनका रंग, डिजाइन, ब्रांडिंग और प्रस्तुतीकरण उसके पंजीकृत ‘शक्तिमान’ ब्रांड से काफी हद तक मिलता है। इससे किसानों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और कंपनी की साख व कारोबार प्रभावित हो रहा है।

न्यायालय के निर्देश पर नियुक्त लोकल कमिश्नर के साथ कंपनी के अधिवक्ताओं नम्रता जैन, विजय सोनी, कृष्ण मणि तिवारी, परिधि जैन और तानिया वर्मा की टीम गुरुवार शाम रुद्रपुर स्थित एक कृषि यंत्र निर्माण इकाई पहुंची। टीम ने फैक्टरी परिसर में मौजूद ब्रांडिंग सामग्री, स्टिकर, पैकेजिंग और अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कथित तौर पर ऐसे कई स्टिकर और प्रचार सामग्री मिली, जिनकी बनावट, रंग संयोजन और लिखावट पंजीकृत ट्रेडमार्क से मिलती-जुलती बताई गई। टीम ने इन्हें साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया।

करीब कई घंटे चली कार्रवाई के बाद टीम जब्त सामग्री के साथ दिल्ली रवाना हो गई। उधर, फैक्टरी में अचानक हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों और प्रबंधन में हड़कंप मचा रहा। मामले में आगे की कार्रवाई अब दिल्ली जिला न्यायालय में प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *