नगर निगम के वार्ड संख्या 32, भूरारानी, जो शहरी क्षेत्र में होने के बावजूद लंबे समय से ग्रामीण फीडर से विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रहा है, वहां की विद्युत व्यवस्था में सुधार की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई।

Share the news

रुद्रपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या 32, भूरारानी, जो शहरी क्षेत्र में होने के बावजूद लंबे समय से ग्रामीण फीडर से विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रहा है, वहां की विद्युत व्यवस्था में सुधार की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई।

वार्ड पार्षद गौरव गिरी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज, अघोषित विद्युत कटौती तथा अन्य विद्युत समस्याओं के कारण आमजन लंबे समय से परेशान हैं। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विगत दिनों वार्ड संख्या 32 के पार्षद गौरव गिरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में हंस विहार फेस-1, हंस विहार फेस-2, डिवाइन पार्क, आनंदम कॉलोनी तथा फौजी मटकोटा सहित आसपास के क्षेत्रों की जर्जर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की गई थी।

ज्ञापन के क्रम में आज अधीक्षण अभियंता के.के. पंत एवं जूनियर इंजीनियर सुभाष शर्मा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा और पार्षद गौरव गिरी के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों को लो वोल्टेज, बार-बार होने वाली विद्युत कटौती तथा अन्य तकनीकी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे हैं और दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता के.के. पंत ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुचारु एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।

क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के इस सकारात्मक कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र आवश्यक कार्य कराएगा, जिससे वार्ड संख्या 32 एवं उससे लगी कॉलोनियों के निवासियों को वर्षों पुरानी विद्युत समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *