मार्निंग वॉक पर निकले कारोबारी का शव सड़क किनारे मिला, हार्ट अटैक की आशंका, आदर्श कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय इंद्रजीत सिंह भल्ला सुबह घर से निकले थे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

Share the news

रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय इंद्रजीत सिंह भल्ला का शव सोमवार सुबह काशीपुर फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।

 

पुलिस के अनुसार इंद्रजीत सिंह भल्ला सोमवार सुबह करीब पांच बजे रोजाना की तरह मार्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच राहगीरों ने फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

मृतक के पुत्र पारस भल्ला ने बताया कि शुक्रवार शाम उनके घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। घटना के अगले दिन उनके पिता की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। सोमवार सुबह यह दुखद घटना हो गई। उधर, मृतक की पत्नी प्रवीन कौर पंजाब गई हुई थीं। पति की मौत की सूचना मिलते ही वह वापस रुद्रपुर के लिए रवाना हो गईं।

 

कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक या मिर्गी का दौरा पड़ने से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *