दो दिन से बंद घर बना मौत का सन्नाटा, बदबू उठी तो गेट फांदकर अंदर पहुंचा बेटा; सामने पड़ा मिला बुजुर्ग पिता का सड़ा-गला शव, इलाके में मचा हड़कंप

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के संजय नगर खेड़ा में दो दिन से बंद मकान से बदबू आने पर एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फील्ड यूनिट और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 7:21 बजे संजय नगर खेड़ा वार्ड-11 निवासी सतनाम सिंह खेड़ा ने एसएसआई महेश कांडपाल को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 65 वर्षीय भरत लाल पुत्र विंदेश्वरी लाल के रूप में हुई, जो इलाके में भुट्टा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक के बेटे सूजन लाल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता 29 जुलाई की रात खाना खाने के बाद पास स्थित अपने दूसरे मकान में सोने चले गए थे। वह कई बार अकेले ही खाना बनाकर वहीं रहते थे। 30 और 31 जुलाई को जब वह भोजन के लिए घर नहीं आए तो परिवार को चिंता हुई। इसी बीच पड़ोसियों ने बंद मकान से तेज दुर्गंध आने की जानकारी दी।
सूजन लाल जब मौके पर पहुंचा तो मकान का गेट अंदर से बंद मिला। वह गेट के ऊपर से चढ़कर अंदर पहुंचा तो पिता का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शनिवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *