500 सीसीटीवी फुटेज से खुला 34 लाख की ज्वेलरी चोरी का राज, तीन शातिर दबोचे…

Share the news

बाजपुर। उधम सिंह नगर के बाजपुर में करीब 34 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने 11 दिन के भीतर खुलासा कर दिया। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, मैनुअल सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने 9 जुलाई को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 8 जुलाई की रात उनकी ‘ओम ज्वैलर्स’ दुकान का शटर और ताला तोड़कर चोर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। मामले में बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने आधुनिक तकनीक की मदद से 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को ऑटो समेत गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे, फिर शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी व आभूषण समेटकर फरार हो गए। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) व 3(5) भी बढ़ाई गई है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

इनसेट

500 कैमरों की पड़ताल बनी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत

इस चोरी के खुलासे में पुलिस की तकनीकी जांच निर्णायक साबित हुई। जांच टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल सर्विलांस के साथ संदिग्धों की लगातार निगरानी की। कई दिनों तक सुरागरसी और पतारसी के बाद आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया गया। इसके बाद किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को वारदात में इस्तेमाल ऑटो सहित गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए चोरी, लूट और संगठित अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *