‘पिता को पहले मृत दिखाया, फिर बंधक बनाकर हड़पी करोड़ों की जमीन’—पुलिस पर मिलीभगत और समझौते का दबाव बनाने का आरोप, डीएम-एसएसपी से गुहार

Share the news

रुद्रपुर। जसपुर क्षेत्र के ग्राम अहमदनगर निवासी जसबीर सिंह ने अपने मानसिक रूप से अस्वस्थ और लापता पिता अमरजीत सिंह को पहले मृत घोषित करने का प्रयास करने और बाद में उन्हें बंधक बनाकर करोड़ों रुपये मूल्य की आठ बीघा पुस्तैनी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

जसबीर सिंह के अनुसार, उनके पिता आठ नवंबर 2025 को लापता हो गए थे, जिसकी गुमशुदगी थाना जसपुर में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि बाद में मिले एक अज्ञात शव को उनके पिता का शव बताकर अंतिम संस्कार करा दिया गया। परिजनों ने शव की पहचान के लिए डीएनए जांच की मांग की, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई।

 

पीड़ित का आरोप है कि इसी बीच अधिकारियों की कथित मिलीभगत से खसरा संख्या 420/1 और 111 की करीब आठ बीघा जमीन का बैनामा मुजफ्फर हुसैन के नाम करा दिया गया। फर्जी बैंक लेनदेन दर्शाकर दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही उपनिबंधक को लिखित सूचना देकर पिता की मानसिक स्थिति और जमीन हड़पे जाने की आशंका जताई थी।

 

जसबीर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पिता आज भी कथित आरोपी के कब्जे में बंधक हैं। परिवार जब उनसे मिलने की मांग करता है तो पुलिस समझौते का दबाव बनाती है। उन्होंने पुलिस के उस दावे को भी गलत बताया, जिसमें अमरजीत सिंह को परिजनों के सुपुर्द किए जाने की बात कही गई थी। पीड़ित ने इस दावे की सच्चाई सामने लाने के लिए थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।

 

पीड़ित ने डीएम और एसएसपी से अपने पिता की सकुशल बरामदगी, कथित फर्जी भूमि हस्तांतरण की निष्पक्ष जांच तथा पूरे प्रकरण में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *