रुद्रपुर। शहर के रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में दिनदहाड़े एक किशोरी के कथित अपहरण की घटना से सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर शुरुआती स्तर पर कार्रवाई में टालमटोल का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन से टिकट लेकर लौट रही एक नाबालिग लड़की ने देखा कि कुछ युवक आगे चल रही किशोरी का मुंह दबाकर उसे जबरन जंगल की ओर ले गए। आरोप है कि रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी ओर खड़ी कार में किशोरी को बैठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
चश्मदीद के अनुसार, आरोपियों की नजर उस पर भी पड़ गई, जिसके बाद वे उसके पीछे दौड़ पड़े। घबराई लड़की ने साईं हॉस्पिटल के सामने बंद पड़े एक खोखे में छिपकर अपनी जान बचाई। उसने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता प्रिंस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और अपनी लाइव लोकेशन साझा की। सूचना मिलने पर प्रिंस और उनके सहयोगी मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना देने पर रेलवे चौकी पुलिस ने पहले लिखित प्रार्थना पत्र की बात कहकर तत्काल कार्रवाई नहीं की। बाद में 112 पर सूचना देने और सामाजिक संगठनों के हस्तक्षेप के बाद बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले की पुष्टि और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




