पहले मामूली कहासुनी, फिर कार से पीछा कर बाइक सवारों को टक्कर और युवक को कुचलकर मौत के घाट उतारने की सनसनीखेज वारदात ने काशीपुर में दहशत फैला दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नितिन कुमार अपने साथियों हर्ष और लवीश के साथ बाइक से ठाकुरद्वारा चुंगी की ओर गया था। लौटते समय खेड़ा रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास कार सवारों ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि कार चला रहे पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू ने नितिन को कार से घसीटते हुए कुचल दिया, जबकि हर्ष और लवीश किसी तरह जान बचाकर मौके से हटे और शोर मचाया। लोगों के जुटने पर कार सवार फरार हो गए।
घायलों को परिजन तत्काल काशीपुर के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन नितिन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजन कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक आदेश चौहान, भाजपा नेता खड़क सिंह, महेश प्रजापति और अशोक खन्ना समेत कई लोग भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक के पिता बनारसी दास की तहरीर पर पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, जाकिर गुज्जर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि दिन में हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




