बंद कमरे में नाक मुंह से बह रहा था खून, मृत मिला सिडकुल कर्मी, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, जानिए क्या है पूरा मामला

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र की कृष्णा बिहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे एक अधेड़ का शव बंद मकान के भीतर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय कमलेश चंद्र दुबे निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब 6:30 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि कृष्णा बिहार कॉलोनी में रहने वाला एक किराएदार कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मकान मालिक दीपक पाठक समेत आसपास के लोग मौजूद थे।

 

पड़ोसियों ने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे उन्होंने बंद लोहे के गेट से अंदर झांककर देखा तो कमलेश चंद्र दुबे कमरे के भीतर फर्श पर पेट के बल पड़े हुए थे। इसके बाद पुलिस ने डायल-112 की सहायता से गेट खोलकर कमरे में प्रवेश किया। कमरे के भीतर कमलेश मृत अवस्था में मिले। उनके नाक और मुंह से खून निकल रहा था तथा बाएं घुटने पर चोट के निशान भी पाए गए। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि मौत कुछ समय पहले हुई होगी।

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौके से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पड़ोसियों और परिचितों के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। इधर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मृतक की पत्नी अंजू दुबे ने पति की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई तथ्य सामने आते हैं तो वह पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करेंगी।

 

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *