बेटे को विदेश भेजने का सपना, ओवरसीज संचालक ने किया छल, अलग अलग देशों के वीजा के नाम पर 17 लाख की ठगी

Share the news

रुद्रपुर। विदेश भेजने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। गदरपुर निवासी एक व्यक्ति ने रुद्रपुर की एक वीजा एवं ओवरसीज कंसल्टेंसी के संचालक पर करीब 22 लाख रुपये लेने और 17 लाख रुपये वापस न करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वार्ड नंबर-5 तेजा फौजा, गदरपुर निवासी गुरबचन सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने अगस्त 2024 में अपने पुत्र हरविंदर सिंह को विदेश भेजने के लिए रुद्रपुर स्थित एक ओवरसीज एजुकेशनल नेटवर्क के संचालक दीपक कुमार अरोरा से संपर्क किया था। आरोप है कि पहले कनाडा भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये लिए गए, लेकिन वीजा फाइल निरस्त हो गई। इसके बाद स्विट्जरलैंड भेजने के लिए 1.50 लाख रुपये, हंगरी और माल्टा के लिए 4 लाख रुपये, जबकि ऑस्ट्रिया और नीदरलैंड के लिए 4.50 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा फंड शो करने के नाम पर भी 2.10 लाख रुपये वसूले गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार इस प्रकार कुल 22 लाख रुपये की रकम एजेंसी संचालक को दी गई। जब किसी भी देश का वीजा नहीं लग सका तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में केवल 5 लाख रुपये लौटाए और शेष 17 लाख रुपये वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक धनराशि नहीं लौटाई।

तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ लेनदेन के लिखित साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं, हालांकि बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पहले भी कई स्तरों पर शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अब पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई तथा बकाया 17 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *