रुद्रपुर, संवाददाता। कोचिंग के लिए आने-जाने वाली छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां करने की शिकायत पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीडी चौक और आसपास के क्षेत्र में कोचिंग के लिए आने-जाने वाली छात्राओं पर एक व्यक्ति द्वारा लगातार अभद्र टिप्पणियां किए जाने की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उक्त व्यक्ति छात्राओं को देखकर फब्तियां कसता है, जिससे छात्राओं में भय और असहजता का माहौल बना हुआ था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आवास विकास चौकी पुलिस ने आरोपी की पहचान चन्द्रभान सिंह उर्फ बबलू सिंह पुत्र शिवाजी सिंह, निवासी होली चौक, आवास विकास, रुद्रपुर के रूप में की। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार आक्रामक हो गया। उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उत्तेजित होकर शांति व्यवस्था भंग करने पर आमादा हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के रवैये को देखते हुए क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसके विरुद्ध धारा 125, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई और न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं के प्रति अभद्र व्यवहार, फब्तियां कसने या अशोभनीय टिप्पणियां करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



