ट्रक से टकराई पुलिस अधिकारियों की कार, तीन थाना प्रभारियों समेत चार की मौत
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में नेशनल हाईवे-31 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर मधेपुरा लौट रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास एनएच-31 पर हुआ। बताया जा रहा है कि मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में तैनात पुलिस अधिकारी सरकारी वाहन से पटना से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
दुर्घटना में मधेपुरा के बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर, सरकारी वाहन चालक नीरज कुमार तथा रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साजन पासवान ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पर बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि मृतक सभी अधिकारी पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।




