गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जल संस्थान का एक बेकाबू ट्रक पहले एक वाहन से टकराया और फिर सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर बढ़ गया। इस दौरान दिल्ली से नैनीताल घूमने आई मां-बेटी ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल स्थित पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक ने पहले एक वैन को टक्कर मारी, लेकिन इसके बाद भी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका। देखते ही देखते ट्रक भीड़ की ओर बढ़ गया और वहां से गुजर रही दिल्ली निवासी दो महिला पर्यटक उसकी चपेट में आ गईं।
हादसा इतना भयावह था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और स्थानीय सभासद भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि दिल्ली निवासी रितु डांग (42) और उनकी बेटी भारवी (20) को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के वाहनों के संचालन और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इंसेट : चालक खुद पहुंचा कोतवाली
एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक स्वयं कोतवाली पहुंच गया था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों के परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


