सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, सिख समाज ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर शनिवार को सिख समाज और किसान संगठनों से जुड़े लोगों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए एक युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक फेसबुक अकाउंट से लगातार ऐसी टिप्पणियां और पोस्ट की जा रही हैं, जिनसे सिख समुदाय की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं। आरोप लगाया गया कि संबंधित युवक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बार-बार ऐसे शब्दों और बयानों का प्रयोग किया जा रहा है, जो समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर सकते हैं।
भारतीय किसान यूनियन के कुमाऊं मंडल महासचिव विक्रम सिंह गोराया के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक संदेश वायरल होने के बाद आरोपी द्वारा लगातार सिख समुदाय के खिलाफ अभद्र और भड़काऊ टिप्पणियां की जा रही हैं। उनका आरोप है कि पोस्टों में न केवल समुदाय विशेष को निशाना बनाया जा रहा है, बल्कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी समाज या धर्म के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो समुदाय और किसान संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में तनाव पैदा करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान बलविंदर सिंह, करण रंधावा, विक्रमजीत सिंह विर्क, पवन सिंह, राजेंद्र सिंह, हरप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह, शमशेर सिंह और तरसेम सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का सिख समाज, SSP दफ्तर पहुंचा गुस्सा; आरोपी पर मुकदमा नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगा समुदाय



