पुलिस-प्रशासन में बड़ा फेरबदल, शासन ने जारी की तबादला सूची, आईजी कुमाऊं बनीं निवेदिता कुकरेती, कई आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

Share the news

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने लंबे समय से प्रतीक्षित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी है। इस फेरबदल में भारतीय पुलिस सेवा (IPS), प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को कुमाऊं परिक्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। वहीं अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहीं रिद्धिम अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था बनाया गया है। विम्मी सचदेवा को पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस, कृष्ण कुमार वीके को यातायात तथा अनंत शंकर ताकवाले को सीआईडी का आईजी नियुक्त किया गया है।

सुनील कुमार मीणा को कार्मिक एवं पीएसी, योगेंद्र सिंह रावत को एसडीआरएफ तथा वरिंदरजीत सिंह को पुलिस मुख्यालय का आईजी बनाया गया है। आयुष अग्रवाल को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं नीलेश आनंद भरणे से सचिव पुलिस और स्पोर्ट्स कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।

पीसीएस अधिकारियों में प्रत्यूष सिंह को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। राकेश तिवारी को देहरादून का सिटी मजिस्ट्रेट एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोपाल सिंह बिनवाल को नगर आयुक्त रुड़की नियुक्त किया गया है।

प्रांतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों में वीर सिंह को उपसेनानायक आईआरबी प्रथम, लवजीत सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था पुलिस मुख्यालय, विमल आचार्य को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग का उपसेनानायक बनाया गया है। शांतनु पाराशर को साइबर क्राइम और अंकुश मिश्रा को अभिसूचना विभाग में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

शासन के इस व्यापक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक और कानून व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *