यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला डंडा, 114 वाहन चालकों के चालान :: नो-एंट्री में घुसे पांच ई-रिक्शा सीज, शराब पीकर वाहन चला रहा चालक गिरफ्तार

Share the news

शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 114 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान नो-एंट्री जोन में प्रवेश करने वाले पांच ई-रिक्शा सीज किए गए, जबकि शराब के नशे में वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में लिया गया।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश और पुलिस अधीक्षक यातायात जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान नो-एंट्री क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले ई-रिक्शा चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस ने एल्कोमीटर से कई वाहन चालकों की जांच की। जांच में एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों के भी चालान किए गए।

पुलिस अधीक्षक यातायात जितेंद्र चौधरी ने कहा कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *