कांग्रेस रैली से लौट रहे कार्यकर्ताओं पर टूटा काल, खाई में समाई कार; चालक की मौत, दो गंभीर घायल…

Share the news

कांग्रेस रैली से लौट रहे कार्यकर्ताओं की कार खाई में गिरी…

अल्मोड़ा/धौलछीना। जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेस की रैली से लौट रहे कार्यकर्ताओं की कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे बाड़ेछीना-धौलछीना मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के समीप कार संख्या यूके-04वाई-2999 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना धौलछीना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कार में सवार तीनों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल बाड़ेछीना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक कुंदन सिंह (75 वर्ष) पुत्र महेंद्र बथयाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गणेश कुमार (32 वर्ष) पुत्र भोपाल राम तथा भूपेंद्र प्रसाद (25 वर्ष) पुत्र दीवानी राम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक और दोनों घायल मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र के निवासी हैं। तीनों अल्मोड़ा मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस की रैली में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

थाना धौलछीना के प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *