अल्मोड़ा में मौसम बना दीवार, हेलीकॉप्टर नहीं उतरा; पंतनगर लौटे राहुल गांधी, मोबाइल से जनसभा को किया संबोधित, समर्थकों से सीधे संवाद कर भरी नई ऊर्जा

Share the news

पंतनगर/अल्मोड़ा। केंद्र में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi गुरुवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंतनगर पहुंचे, लेकिन खराब मौसम के चलते वह अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा स्थल तक नहीं पहुंच सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी सुबह लगभग 11:25 बजे विमान से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने हेलीकॉप्टर के माध्यम से अल्मोड़ा के लिए उड़ान भरी।

हालांकि अल्मोड़ा क्षेत्र में मौसम अत्यधिक खराब होने और दृश्यता कम होने के कारण हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। स्थिति को देखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर लौटाने का निर्णय लिया। पंतनगर पहुंचने के बाद कुछ समय तक मौसम सामान्य होने का इंतजार किया गया, लेकिन परिस्थितियों में सुधार न होने पर कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।

इसके बाद राहुल गांधी ने पंतनगर से ही मोबाइल फोन के माध्यम से अल्मोड़ा में मौजूद हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर विचार रखे तथा जनता का आभार व्यक्त किया। जनसभा स्थल पर मौजूद लोगों ने भी फोन के माध्यम से दिए गए उनके संबोधन को सुना।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद राहुल गांधी का कार्यक्रम पूरी तरह रद्द नहीं हुआ और उन्होंने तकनीकी माध्यम से जनसभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं से संवाद कायम रखा। इससे आयोजन में जुटे समर्थकों में उत्साह बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *