नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक का पुलिस ने किया पीछा, ₹6 हजार का चालान

Share the news

शहर में नो एंट्री के दौरान नियमों को ताक पर रखकर घुसे एक तेज रफ्तार ट्रक ने शुक्रवार सुबह पुलिस और राहगीरों में हड़कंप मचा दिया। ट्रक चालक ने महिला पुलिसकर्मी के रोकने के संकेत को नजरअंदाज करते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद पुलिस को काफी दूरी तक पीछा करना पड़ा। आखिरकार घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया और चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।

 

जानकारी के अनुसार बिलासपुर रोड की ओर से ट्रक संख्या एचआर 66 बी 6181 प्रतिबंधित समय में शहर की सीमा के भीतर प्रवेश कर गया। उस समय डी डी चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिसकर्मी ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक लेकर नैनीताल रोड की ओर तेजी से भाग निकला। अचानक ट्रक के तेज गति से भागने पर सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद सीपीयू और पुलिसकर्मियों ने तत्काल बाइक से पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने काफी दूर तक पीछा करने के बाद ट्रक को घेरकर सुरक्षित तरीके से रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुनील बताया। चालक ने स्वीकार किया कि पुलिस को देखकर वह घबरा गया था, इसलिए वाहन लेकर भागने लगा।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रक चालक का ₹6 हजार का चालान काटते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई। घटना के बाद पुलिस ने शहर में यातायात चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *