मोबाइल की एक गलती ने खुलवा दी लाखों की चोरी, नामचीन सैलून से सामान उड़ाने वाला दबोचा, दस लाख के कॉपर पाइप और महंगा सामान चोरी, कबाड़ी भी पुलिस हिरासत में

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

सिविल लाइंस स्थित एक नामचीन सैलून में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा चोर की एक छोटी सी गलती से हो गया। चोरी के दौरान आरोपी अपना मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही भूल गया, जिसके आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी और उससे सामान खरीदने वाले कबाड़ी को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, 27 मई की रात एक शातिर चोर नैनीताल हाईवे स्थित मेडिकल स्टोर के पीछे से दीवार फांदकर गीतांजलि सैलून में घुस गया। आरोपी ने सैलून में लगे कॉपर पाइप, महंगी टंकियां और अन्य कीमती सामान तोड़कर कट्टों में भर लिया और फरार हो गया।

गुरुवार सुबह जब पानी की टंकी का पानी नीचे आने लगा तो कर्मचारियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर सैलून संचालक रोहित सिंह तोमर मौके पर पहुंचे, जहां चोरी की जानकारी मिली। घटना की सूचना आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस को दी गई।

चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला। कुछ देर बाद फोन पर कॉल आने पर पुलिस ने खुद को राहगीर बताते हुए मोबाइल लेने के लिए आरोपी को बाजार बुलाया। जैसे ही संदिग्ध मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी का सामान एक कबाड़ी को बेचने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने संबंधित कबाड़ी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

सैलून संचालक का कहना है कि चोरी और तोड़फोड़ से करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *