ऊपर असली… नीचे नकली! करोड़ों के फर्जी नोटों के जाल का गदरपुर में भंडाफोड़
संवाददाता, रुद्रपुर।
ऊधमसिंहनगर में नकली नोटों के अब तक के सबसे बड़े खेल का खुलासा हुआ है। गदरपुर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने करोड़ों रुपये के असली और नकली नोटों के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर फर्जी करेंसी रैकेट का पर्दाफाश किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नोटों की गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” लिखे नकली नोट भरे गए थे, ताकि आम लोगों को आसानी से झांसे में लिया जा सके।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गदरपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए। मौके से नोटों की दर्जनों गड्डियां बरामद हुईं, जिनमें ऊपर असली नोट और नीचे नकली नोट रखे गए थे। एक काला-सफेद धारीदार बैग से भी बड़ी मात्रा में फर्जी नोट बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज निवासी बाजपुर और मनोज कुमार निवासी गूलरभोज के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह फर्जी नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है और इन्हें किन बाजारों में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गदरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट और संगठित गिरोहों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



