स्कॉर्पियो में मौत का नशा लेकर घूम रहे थे चार तस्कर, खटीमा पुलिस ने दबोचा; 580 ग्राम चरस बरामद..

Share the news

स्कॉर्पियो वाहन भी कब्जे में, चम्पावत के रहने वाले हैं सभी आरोपी

खटीमा। ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” और नशा मुक्त अभियान के तहत खटीमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को 580 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी कब्जे में ले लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को खटीमा पुलिस टीम ने सितारगंज रोड क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK03B-0007 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 580 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में अमित सिंह पुत्र आनंद सिंह निवासी बुन्देलाढेक थाना लोहाघाट जिला चम्पावत, सूरज सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी बुन्देलाढेक थाना लोहाघाट, सूरज सिंह पुत्र नवीन सिंह निवासी खूटी बाजरीकोट थाना चम्पावत तथा मनीष सिंह पुत्र सुन्दर सिंह निवासी त्यारसों जनकांडे थाना पाटी जिला चम्पावत शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से क्षेत्र में चरस तस्करी से जुड़े होने की आशंका है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तस्करी का नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक विकास कुमार प्रभारी चौकी चकरपुर, अपर उप निरीक्षक नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल संजय कुमार तथा हेड कांस्टेबल रविंद्र नाथ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *