75 वर्षीय वृद्धा से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
जसपुर क्षेत्र की घटना, पुलिस ने धाराएं बढ़ाकर की कार्रवाई
जसपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में 75 वर्षीय वृद्धा के साथ दुष्कर्म और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार 24 मई को एक व्यक्ति ने कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी भाभी 23 मई की शाम रोज की तरह जानवर चराने के लिए गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक सफेद दाढ़ी वाले व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट कर गलत काम करने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पीड़िता से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि कक्का सिंह उर्फ भजन सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी गोरा फार्म, हल्दुवासाहू ने उनके साथ मारपीट कर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी जेल भेज दिया गया।
जसपुर कोतवाल राजेश पांडेय ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पीड़िता को आवश्यक चिकित्सीय व कानूनी सहायता उपलब्ध कराई गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई भूपाल राम पौरी, एसआई राजेंद्र प्रसाद, संतोष देवरानी, हरीश आर्या, रुचिका चौहान, सिपाही कुलदीप सिंह, विपिन चन्द्र, अरुण कुमार, भवान सिंह तथा होमगार्ड दीक्षित कुमार शामिल रहे।




