बकरीद पर प्रशासन सख्त: ड्रोन से होगी निगरानी, सिर्फ 4 स्थानों पर सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Share the news

बकरीद पर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी

नगर निगम की बैठक में कई अहम फैसले, सिर्फ चार चिन्हित स्थलों पर सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति

रुद्रपुर। बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व को शांतिपूर्ण और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए नगर निगम सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, स्वच्छता और कानून व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। इस बार प्रशासन ने कुर्बानी स्थलों की ड्रोन से निगरानी कराने का फैसला लिया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

महापौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि शहर में केवल चार पारंपरिक और चिन्हित स्थलों—खेड़ा, आदर्श कॉलोनी, सीरगोटिया और सुभाष कॉलोनी—में ही सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक स्थल पर केवल एक ही सांकेतिक कुर्बानी होगी तथा किसी भी स्थान पर एक से अधिक कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी चिन्हित स्थलों पर पुलिस बल, नगर निगम कर्मियों और सिविल अधिकारियों की विशेष तैनाती रहेगी। कुर्बानी प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष समितियां गठित की जाएंगी, जो पूरे समय व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगी। ड्रोन कैमरों के माध्यम से डिजिटल मॉनिटरिंग कर प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखेगा।

प्रशासन ने घरों के भीतर बच्चों के सामने कुर्बानी देने की परंपरा पर भी सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में घरों के आसपास या नालियों में खून बहता दिखाई दिया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीमें पर्व के दौरान लगातार सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर निगरानी रखेंगी।

महापौर विकास शर्मा ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि न्यायालय के आदेशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में एडीएम, एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, विद्युत विभाग, जल संस्थान और पुलिस प्रशासन के अधिकारी समेत कई विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *