अश्लील हरकतों का विरोध करना पड़ा महंगा, वृद्धा और बेटों पर धारदार हथियारों से हमला

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर मोहल्ले में घर के बाहर अश्लील हरकतों का विरोध करना एक वृद्धा और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने वृद्धा और उसके बेटों पर धारदार हथियारों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार शिवनगर वार्ड-7 निवासी कृष्णा देवी पत्नी बनवारी लाल सैनी ने बताया कि 22 मई की रात करीब 10 बजे उनके घर के बाहर एक युवक और युवती अश्लील हरकतें कर रहे थे। विरोध करते हुए जब उन्होंने दोनों को वहां से जाने के लिए कहा तो वे गाली-गलौज पर उतर आए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद उन्होंने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर कृष्णा देवी पर हमला कर दिया।

वृद्धा के अनुसार जब उनके बेटे बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। इस दौरान धारदार हथियार और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया गया। हमले में कृष्णा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके हाथ की उंगली पर चाकू से वार होने की बात भी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां वृद्धा के सिर पर कई टांके लगाए गए।

पीड़िता का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद ट्रांजिट कैंप पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *