उत्तराखंड के ऋषिकेश में महिला से कथित छेड़छाड़ के आरोप में हरियाणा से आए दो पर्यटकों की स्थानीय लोगों ने बीच सड़क जमकर पिटाई कर दी। गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों को कार से बाहर खींच लिया, उनके कपड़े फाड़ दिए और सड़क पर घसीटते हुए बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम काली की ढाल क्षेत्र में हरिद्वार की ओर से आ रही एक कार पेट्रोल पंप के पास धीमी हुई। आरोप है कि कार में सवार युवकों ने सड़क किनारे मौजूद महिला की ओर अश्लील इशारे किए और उसे छेड़ने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध जताने और आसपास के लोगों को जानकारी देने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और कार सवार पर्यटकों को घेर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पर्यटकों ने आरोपों को गलत बताते हुए बहस शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया। लोगों ने कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक के कपड़े तक फट गए और वह नग्न अवस्था में सड़क पर दिखाई दिया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बना लिया, जिसमें भीड़ युवकों को पीटती नजर आ रही है। वीडियो में कुछ लोग यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि युवक नाबालिग लड़कियों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे।
सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने घायल पर्यटकों को अस्पताल पहुंचाकर उनका मेडिकल कराया और बाद में चौकी ले गई। हालांकि देर शाम तक दोनों पक्षों में से किसी ने भी पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी।
कोतवाली ऋषिकेश के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



