गैस सिलेंडर वितरण को लेकर बवाल, पुलिस चौकी तक पहुंचा विवाद, लाइन तोड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने पकड़ा राजनीतिक रंग

Share the news

रुद्रपुर। संवाददाता

शहर के वार्ड नंबर-36 स्थित घास मंडी क्षेत्र में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान हुआ विवाद मंगलवार को आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी तक जा पहुंचा। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला इतना बढ़ गया कि चौकी परिसर में भी हंगामे की स्थिति बन गई। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में गैस सिलेंडर वितरण किया जा रहा था। स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए कतार लगवाकर वितरण कराया जा रहा था। इसी दौरान एक स्थानीय नेता अपनी मां के साथ मौके पर पहुंचे और बिना लाइन में लगे सिलेंडर देने की बात कहने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाइन में लगे लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद माहौल गरमा गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने संबंधित लोगों को आदर्श कॉलोनी चौकी बुलाया। आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों में बहस जारी रही और समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान चौकी परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। कुछ देर तक चौकी के बाहर भी लोगों की भीड़ लगी रही। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि विवाद को राजनीतिक रंग देने के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से निपटाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *